द फॉलोअप डेस्क
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने 6वीं उप समाहर्ता (सीमित) प्रतियोगिता परीक्षा की मॉडल उत्तर कुंजी जारी कर दी है। यह परीक्षा 10 और 11 जनवरी 2026 को आयोजित की गई थी। अभ्यर्थी प्रथम और द्वितीय प्रश्न-पत्र की मॉडल आंसर-की आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.jpsc.gov.in पर देख सकते हैं। वहीं, JPSC आयोग ने कहा है कि यदि किसी प्रश्न के उत्तर को लेकर अभ्यर्थियों को आपत्ति या सुझाव देना हो, तो वे निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। आपत्ति दर्ज कराने की अवधि 21 फरवरी 2026 की शाम 5:00 बजे से 2 मार्च 2026 की शाम 5:00 बजे तक निर्धारित की गई है।

अभ्यर्थियों को आवेदन के साथ प्रश्न संख्या, रजिस्ट्रेशन नंबर, सही उत्तर का प्रमाण और आधार संलग्न करना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी अपना आवेदन, उप सचिव-सह-परीक्षा नियंत्रक (प्रशासन), झारखंड लोक सेवा आयोग, सर्कुलर रोड, रांची-834001 के पते पर स्पीड पोस्ट/निबंधित डाक से या स्वयं उपस्थित होकर जमा कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि और समय के बाद प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। साथ ही, लिफाफे पर परीक्षा का नाम और विज्ञापन संख्या अंकित करना अनिवार्य है, अन्यथा आवेदन अस्वीकार किया जा सकता है।