logo

जमशेदपुर : सोनारी दोमुहानी में पार्क और पार्किंग का संयुक्त उद्घाटन, 5.18 करोड़ की लागत से हुआ निर्माण

luil,i.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय एवं जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बिद्युत वरण महतो ने सोनारी स्थित दोमुहानी में नव निर्मित पार्क एवं पार्किंग का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। इस पार्क का निर्माण 5 करोड़ 18 लाख रुपये से अधिक की लागत से किया गया है। इसके अतिरिक्त विधायक सरयू राय ने पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए अपनी विधायक निधि से लगभग 30 लाख रुपये की राशि भी उपलब्ध कराई है। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि इस पार्क का निर्माण कार्य उनके जमशेदपुर पश्चिम से विधायक रहने के दौरान वर्ष 2017-18 में शुरू हुआ था। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य लगभग पूर्ण होने की स्थिति में था, लेकिन वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव के बाद यहां के जनप्रतिनिधि द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने के कारण पार्क का कार्य वर्षों तक ठप पड़ा रहा। इसके चलते पार्क का क्षेत्र जंगल-झाड़ में तब्दील हो गया और कई संरचनाएं क्षतिग्रस्त हो गईं।
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर पश्चिम से पुनः विधायक बनने के बाद उन्होंने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (अक्षेस) का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया। क्षतिग्रस्त ढांचों की मरम्मत विधायक निधि से कराई गई। सरयू राय ने बताया कि पार्क के निर्माण में 15वीं वित्त आयोग के साथ-साथ उनकी विधायक निधि का भी योगदान रहा है। विधायक सरयू राय ने पार्क के सतत रख-रखाव पर विशेष जोर देते हुए कहा कि केवल निर्माण और लोकार्पण से उद्देश्य पूरा नहीं होता, बल्कि नागरिकों को लंबे समय तक इसका लाभ मिले, इसके लिए नियमित देखरेख आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रंग-बिरंगी रोशनी और फव्वारे पार्क को आकर्षक बनाते हैं, लेकिन रख-रखाव के अभाव में ऐसे पार्क जल्द ही जर्जर हो जाते हैं।
उन्होंने सुझाव दिया कि जमशेदपुर अक्षेस को जुस्को की तर्ज पर ‘पार्क एंड गार्डेन’ विभाग का गठन करना चाहिए तथा इसके लिए बजट में अलग से प्रावधान किया जाना चाहिए। साथ ही पार्कों से राजस्व अर्जन की व्यवस्था विकसित करने और यदि आवश्यक हो तो नियमों के तहत किसी सक्षम एजेंसी को रख-रखाव की जिम्मेदारी देने पर भी विचार किया जाना चाहिए। उद्घाटन कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, जमशेदपुर पश्चिम के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि चितरंजन वर्मा, जमशेदपुर अक्षेस के उप नगर आयुक्त, विशेष पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, सहायक एवं कनीय अभियंता, जदयू सोनारी मंडल अध्यक्ष चुन्नु भूमिज, भाजपा सोनारी मंडल अध्यक्ष प्रशांत पोद्दार, जदयू युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह सहित बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

 

Tags - Latest jharkhand News Jharkhand News Updates latest Jamshedpur News jamshedpur News Updates latest jamshedpur News Jharkhand News in hindi latest Jharkhand News latest jharkhand news jharkhand News in hindi latest jamshedpur news