द फॉलोअप डेस्कः
लोकसभा चुनाव खत्म हो चुका है। झारखंड में इंडिया गठबंधन को पांच सीटें मिली हैं। झारखंड की क्षेत्रिय पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा अब विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा विधानसभा की सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा है कि पार्टी बहुत मजबूती से हर सीट पर लड़ने के लिए तैयार है।

विनोद कुमार पांडेय ने कहा हर सीट पर झामुमो संगठन की मजबूती का ही परिणाम है कि इस लोकसभा चुनाव में हमें पांच सीटें मिली हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए झामुमो संगठन को बूथ स्तर से लेकर केंद्रीय स्तर तक और मजबूत किया जा रहा है। गौरतलब है कि झारखंड में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होंगे। पिछली बार 2019 के चुनाव में झामुमो ने 43 सीटों पर प्रत्याशी उतारा था और तीस पर जीता था।
पांच महीने बाद होगा झारखंड का चुनाव
राज्य में अगले पांच महीने बाद विधानसभा का चुनाव होगा। ऐसे में झामुमो के नेतृत्व में आइएनडीआइए विधानसभा चुनाव को लेकर गंभीर हो गया है। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने सरकारी विभागों को धरातल पर काम उतारने का टास्क दिया है। वे लगातार समीक्षा बैठकें कर रहे हैं। तमाम विभागीय मंत्रियों और वरीय अधिकारियों की मौजूदगी में उनका फोकस कल्याणकारी योजनाओं को उतारने पर है, जिसमें दम पर सरकार फिर से लोगों के बीच जाएगी।

कल्पना सोरेन की भूमिका बढ़ेगी
पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन की भूमिका आने वाले दिनों में बढ़ेगी। लोकसभा चुनाव में उनके कंधे पर बड़ी जिम्मेदारी थी। हेमंत सोरेन की अनुपस्थिति को उन्हें गठबंधन के भीतर महसूस नहीं होने दिया। रणनीतिक तरीके से उन्होंने न सिर्फ प्रचार अभियान में हिस्सा लिया, बल्कि राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधा। कल्पना सोरेन विधानसभा के लिए निर्वाचित हो चुकी हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि समय कम है। उन्हें जो जिम्मेदारी दी जाएंगी, उसे निभाएंगी। राजकाज में भागीदारी के साथ-साथ सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा में उन्हें बड़ा पद मिलेगा। वह केंद्रीय उपाध्यक्ष या महासचिव बनाई जा सकती हैं।
मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द
गौरतलब है कि जेल में बंद आलमगीर आलम के मंत्री पद से इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द होने जा रहा है। जो जानकारी है उसके मुताबिक कांग्रेस कोटे के एक रिक्त पद पर नए मंत्री शपथ लेंगे। कांग्रेस के स्तर से मंत्री का नाम तय होने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की दिशा में बात आगे बढ़ेगी। मालूम हो कि चंपाई मंत्रिमंडल में 12वें मंत्री का पद भी रिक्त है। गांडेय विधानसभा उपचुनाव में जीतने के बाद कल्पना सोरेन के नाम को लेकर कई तरह की अटकलें हैं, लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि कल्पना सोरेन को क्या और कहां जिम्मेदारी दी जाएगी यह पार्टी नेतत्व तय करेगा।
