द फॉलोअप, रांची
केंद्र सरकार के खान खनिज संशोधन विधेयक को लेकर झामुमो ने आगे की रणनीतिक तैयारी के लिए 20 अगस्त को दिन के 10.30 बजे से सोहराय भवन में महत्वपूर्ण बैठक बुलायी है। इस बैठक में संशोधन विधेयक से झारखंड पर पड़ने वाले प्रभाव और आगे की रणनीतिक पर चर्चा होगी। आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की भी घोषणा की जाएगी। पार्टी महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने आज बैठक को लेकर आवश्यक निर्देश जारी किया।

बैठक में केंद्रीय समिति के सभी पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे। इसके अलावा सभी जिलों के अध्यक्ष, सचिव और संयोजक प्रमुख के साथ महानगर अध्यक्ष और सचिव को भी बुलाया गया है। सभी संबंधित पदाधिकारियों की बैठक में मौजूदगी आवश्यक बताई गई है। बैठक में केंद्र सरकार के विधेयक पर खास चर्चा होगी। साथ ही पार्टी की आगे की रणनीति तय की जा सकती है। इसके अलावा झामुमो के संगठन को मजबूत करने पर भी चर्चा होगी। बूथ से लेकर जिला स्तर तक चल रहे संगठन के पुनर्गठन की अब तक की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
