logo

झामुमो ने कहा- बिहार में छह सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, संख्या 10 तक भी जा सकती है

jmm_rjd.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झामुमो ने आज बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन से अलग होते हुए छह सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी। झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि सीटों की यह संख्या 10 तक भी जा सकती है। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद झामुमो झारखंड में गठबंधन की समीक्षा भी करेगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित करेगा कि बिहार में झामुमो के बगैर सरकार नहीं बनने पाए। भट्टाचार्य आज शाम पार्टी कार्यालय में मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए यह घोषणा की।


 सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झामुमो के साथ हमेशा धोखा हुआ है। बिहार में बार-बार धोखा हुआ है। पार्टी कुछ भी बर्दाश्त कर सकती है लेकिन आत्म सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि 2019 के चुनाव में हमने झारखंड में राजद को सात सीटें दी। उसमें केवल एक प्रत्याशी जीता। उसे भी हमने पांच साल तक मंत्री बनाये रखा। 2024 के झारखंड विधानसभा चुनाव में भी राजद को छह सीटें दी गयी। उसमें भी राजद के एक विधायक को मंत्री बना कर सम्मान देने का काम किया गया। हम हमेशा सम्मान करते रहे और हमारे साथ हमेशा धोखा होता रहा।


बिहार में झामुमो के 20 स्टार प्रचारक
सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी के 20 स्टार प्रचारक होंगे। इसकी सूची निर्वाचन आयोग को भेज दी गयी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में बिहार में प्रचार अभियान चलाया जाएगा। स्टार प्रचारकों की सूची में विधायक कल्पना सोरेन, विजय हांसदा, मिथिलेश ठाकुर, विनोद पांडेय, बसंत सोरेन, सुप्रियो भट्टाचार्य, बैद्यनाथ राम, हेमलाल मुर्मू, सुदिव्य सोनू, अभिषेक प्रसाद पिंटू सहित कई अन्य शामिल हैं।

Tags - JMM Bihar Assembly Elections JMM to contest six seats alone cracks in alliance post-poll alliance review