रांची
चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 को लेकर फिल्मकारों एवं सिने प्रेमियों के बीच उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। इस वर्ष फेस्टिवल आयोजन समिति को झारखंड के विभिन्न जिलों से फिल्म जमा करने की अंतिम तिथि 10 जून 2026 तक कुल 84 फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं, जो राज्य में विकसित हो रही सशक्त फिल्म संस्कृति का परिचायक है।
प्राप्त प्रविष्टियों में फीचर फिल्में, लघु फिल्में, वृत्तचित्र, सामाजिक सरोकारों पर आधारित फिल्में तथा सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विषयों को प्रस्तुत करने वाली विविध रचनाएं शामिल हैं। आयोजन समिति ने सभी प्राप्त फिल्मों की सूची सार्वजनिक कर दी है।

फेस्टिवल में ये फिल्में हुईं शामिल
फेस्टिवल में प्राप्त प्रमुख फिल्मों में पलाश, सुंदरी जंगल, झरिया का मुंगरू, मां भारती, बदलाव, लॉकडाउन के गोद में, जय मां काली, धुआं ना हुआ, आत्म परीक्षण, हाथी मेरे साथी, तय है सुबह का आना, लातेहार की हेरिटेज बिल्डिंग, लातेहार पर्यटन की अनकही दास्तान, निर्मला की दुनिया, मेरा लाल, प्रेम जाल, टूटी उड़ान, शिकारी आएगा, मिसिंग डायरी, ऑन ड्यूटी–ऑफ ड्यूटी, भटकते सितारे, इमरती, मिलोनेर बेला, सिगरेट रहस्य, टर्टल स्टोरी, धुआं और पश्चाताप, तमस-द डार्कनेस, प्रमिला, माटी, ग्रामीण बिजली क्रांति, पलायन, मिट्टी का सम्मान, सपने, मुस्केश कॉलिंग, स्व गौरव, प्रेरणा, महादेव त्रिशूल, स्थिरता की तलाश, एको ऑफ द जंगल, अधूरी उड़ान, लड़ाई छोड़ब नहीं, धुआं, गुनाह, दर्द–मां प्रकृति, उलझन, मानव तस्करी से लड़ें, ड्रग एब्यूज़, इकोडे, चैत्र पर्व, झारखंड चुनाव, डिजिटल इंडिया, वंदे मातरम्, सेल्फ फ्रीड, काल शिला, सोच लो, शराबी, खामोश थाली, माही, आखिरी कण, झरिया द बर्निंग लैंड, अलार्म, एकल की छांव में मातृ शक्ति का स्वावलंबन, वजह, गठ्ठर, अंतहीन सफर, पैतकर, हैप्पी बर्थडे विशेश, क्राइम वर्सेस प्रोटेक्शन, वर्ल्ड इज ब्यूटिफुल, दाग, झरिया राज–द बर्निंग किंगडम, दहाड़, टाइम इट्स रिपीट, गुल्लक, बोलो नहीं करो, जगह, गेम्स ऑफ एन्सेस्टर्स, सत्यानाश, किसान का कर्ज, रिवर्थ ऑफ कोबरा, रिइमैजिन ट्रेडिशन, रिविजिटिंग द हिस्ट्री ऑफ सिमडेगा तथा राष्ट्र सेवा में समर्पण जैसी विविध विषयों पर आधारित फिल्में शामिल हैं।

फिल्मों का अवलोकन किया जा रहा है
वर्तमान में फेस्टिवल की प्री-व्यू समिति द्वारा सभी फिल्मों का अवलोकन किया जा रहा है। प्रारंभिक परीक्षण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद प्रविष्टियों को अंतिम मूल्यांकन हेतु जूरी सदस्यों के पास भेजा जाएगा। जूरी द्वारा चयन एवं मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत विभिन्न श्रेणियों के पुरस्कारों की घोषणा फेस्टिवल के दौरान की जाएगी। फेस्टिवल निदेशक ने बताया कि इस वर्ष प्राप्त फिल्मों की संख्या तथा विषय-विविधता झारखंड में विकसित हो रही फिल्म संस्कृति का सकारात्मक संकेत है। सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, जनजातीय संस्कृति, शिक्षा, पर्यटन तथा समकालीन चुनौतियों पर आधारित अनेक उत्कृष्ट फिल्मों ने फेस्टिवल को और अधिक समृद्ध बनाया है।

26 से 28 जून 2026 तक होगा आयोजन
आयोजन समिति ने सभी फिल्मकारों, सहयोगियों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फेस्टिवल से संबंधित आगामी सूचनाएं, चयन प्रक्रिया, जूरी पैनल तथा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी समय-समय पर फेस्टिवल के आधिकारिक फेसबुक पेज के माध्यम से साझा की जाएगी। सभी प्रतिभागियों एवं फिल्म प्रेमियों से अनुरोध है कि वे फेस्टिवल के आधिकारिक फेसबुक पेज को नियमित रूप से फॉलो करते रहें।
उल्लेखनीय है कि चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 का आयोजन 26 से 28 जून 2026 तक सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन के दौरान चयनित फिल्मों का प्रदर्शन, संवाद सत्र, विशेषज्ञ चर्चाएं तथा भव्य पुरस्कार समारोह आयोजित किए जाएंगे।
.jpeg)