द फॉलोअप डेस्कः
पलामू की एक महिला के साथ बिहार के गया में गैंगरेप होने की बात सामने आ रही है। पीड़िता चैनपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह मेदिनीनगर में किराए के मकान में रहती है। बताया जा रहा है कि एक महिला पीड़िता को मेले में काम दिलाने के बहाने गया ले गई थी। वह मेले में टिकट काटने का काम करने तीन दिन पहले ही वहां पहुंची थी। घटना के दिन वह अपने कमरे में प्रेमी के साथ थी। दूसरे कमरे में उसकी महिला मित्र तीन पुरुषों के साथ शराब पी रही थी। नशे में धुत तीनों आरोपियों ने पीड़िता के प्रेमी को मारपीट कर भगा दिया और फिर उसके साथ गैंगरेप किया।
पीड़िता की हालत बिगड़ने पर उसकी महिला मित्र उसे पलामू ले आई। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के बाद वह फरार हो गई। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शहर थाने में तीन आरोपियों और महिला मित्र के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों में मेले का एक झूला मालिक, पीड़िता के किराए के मकान का मालिक और महिला मित्र का एक साथी शामिल हैं। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है।