logo

झारखंड में बदलेगा मौसम, 3-4 नवंबर को बारिश के आसार; गिरेगा तापमान

झारखंड में बदलेगा मौसम, 3-4 नवंबर को बारिश के आसार; गिरेगा तापमान

द फॉलोअप डेस्क:

राजधानी रांची (Ranchi) समेत झारखंड (Jharkhand) के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। बंगाल (Bengal) की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के चक्रवाती तूफान (Cyclonic Storm) में बदलने की संभावना के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाने और बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, दो नवंबर को रांची में सुबह हल्का कुहासा छाने के साथ आसमान में आंशिक बादल रह सकते हैं। वहीं, मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, रविवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन भी दर्ज किया गया।

तीन और चार नवंबर को बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, तीन और चार नवंबर को झारखंड के दक्षिणी और उससे सटे मध्यवर्ती इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसका असर रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला और लोहरदगा समेत आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब तीन नवंबर की सुबह आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और नरसापुर के बीच तट पार कर सकता है। हालांकि, झारखंड में इस मौसमी प्रणाली के सीधे प्रभाव को लेकर फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।

पांच नवंबर से मौसम होगा सामान्य

पांच से सात नवंबर के बीच झारखंड में बारिश की गतिविधियों में कमी आने और आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, सुबह हल्का कुहासा छा सकता है। अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है, जिससे सुबह और रात में ठंड का एहसास बढ़ सकता है। रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने एक से सात नवंबर तक राज्य के किसी भी जिले के लिए विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।

Tags - Jharkhand Weather Update Ranchi Weather Forecast Jharkhand Rain Alert Ranchi Rain Forecast