logo

बदलेगा मौसम का मिजाज: 5 से 8 जून तक बारिश और तेज हवाओं के आसार

weather12.jpg

रांची 

झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में तापमान बढ़ने से लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए राहत की उम्मीद जगाई है।  मौसम विभाग के अनुसार 05 जून को राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में दोपहर बाद मौसम करवट ले सकता है। उत्तर-पश्चिमी और आसपास के मध्य भागों को छोड़कर राज्य के अन्य क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद

वहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 06 जून को राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कई जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। 07 जून को राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 08 जून को पूर्वी और निकटवर्ती मध्य जिलों में वज्रपात और गर्जन के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

मानसून के लिए अभी करना होगा इंतजार

इधर,दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है, लेकिन झारखंड पहुंचने में अभी कुछ समय लग सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में मानसून के 17 से 20 जून के बीच संथाल परगना क्षेत्र के रास्ते प्रवेश करने की संभावना है। फिलहाल मानसून की रफ्तार धीमी बनी हुई है, जिसका असर इसके आगे बढ़ने की गति पर भी पड़ सकता है। राजधानी रांची स्थित मौसम केंद्र (भारतीय मौसम विज्ञान विभाग) के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी का असर पूरी तरह खत्म नहीं होगा। हालांकि बीच-बीच में बादल बनेंगे और कई इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। झारखंड में मानसून के आगमन में अभी कुछ दिन का समय बाकी है। फिलहाल राज्यवासियों को भीषण गर्मी से राहत के लिए बारिश का इंतजार करना होगा, लेकिन अगले चार दिनों तक मौसम के बदले हुए तेवर राहत देने वाले साबित हो सकते हैं।

Tags - Jharkhand Weather Rain Alert Monsoon Weather Update IMD Alert