द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 5 से 10 मई तक राज्यभर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई जिलों में मेघ गर्जन, तेज हवा और वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। वहीं, 4 और 5 मई को 17 जिलों में तेज आंधी और बादल छाए रहने की चेतावनी दी गई है। 5 मई को रांची समेत खूंटी, हजारीबाग, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की आशंका है। इन दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कई जिलों में बारिश से राहत, तापमान में गिरावट
मौसम में इस बदलाव के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है। हाल के दिनों में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच आ गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। हजारीबाग में 33 डिग्री, रांची में 33.6 डिग्री, मेदिनीनगर में 38.5 डिग्री और बोकारो में 31.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

सोमवार शाम झमाझम बारिश, कई जगह बिजली बाधित
सोमवार शाम राज्य के कई जिलों में काले बादल छाए और तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हुई। रांची, कोडरमा, गुमला, रामगढ़, लातेहार, देवघर और हजारीबाग में गरज के साथ बारिश दर्ज की गई। रांची में करीब दो से तीन घंटे तक झमाझम बारिश हुई और वज्रपात भी हुआ। इस दौरान सुरक्षा कारणों से ग्रिड और फीडरों से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे कई इलाकों में अंधेरा छा गया। बारिश थमने के बाद धीरे-धीरे बिजली बहाल की गई, लेकिन ट्रिपिंग और ट्रांसफॉर्मर फ्यूज उड़ने जैसी समस्याएं सामने आईं।

साइक्लोनिक सर्कुलेशन से बदला मौसम, कई जिलों में रिकॉर्ड बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव के पीछे साइक्लोनिक सर्कुलेशन मुख्य कारण है, जिसका असर मई की शुरुआत से ही राज्यभर में दिख रहा है। पिछले 24 घंटों में अधिकांश जिलों में गरज के साथ बारिश हुई। सबसे अधिक 33.6 मिमी वर्षा चाकुलिया में दर्ज की गई। इसके अलावा सिमडेगा में 6 मिमी, बोकारो में 4 मिमी और जमशेदपुर में 2 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। रांची में भी शाम करीब 4:20 बजे मूसलाधार बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को राहत मिली।