द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय हो रही हैं। राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। कहीं तेज बारिश हो रही है तो कहीं गरज-चमक और वज्रपात की घटनाएं सामने आ रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाओं के कारण राज्य में बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां बढ़ गई हैं, जो अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकती हैं। रविवार को रामगढ़ जिले में आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतकों में कुजू निवासी 16 वर्षीय साहिल कुमार उर्फ तूफान और रामगढ़ प्रखंड के गंडके पाहन टोला निवासी 30 वर्षीय राजू मुंडा शामिल हैं। हादसे में साहिल के पिता विनोद महतो भी घायल हुए हैं। वहीं जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड के चरकपानी गांव निवासी शाहजहां शेख की भी वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई।

रांची समेत कई जिलों में बदला मौसम
राजधानी रांची में रविवार को दिनभर मौसम का रंग बदलता रहा। सुबह बादल छाए रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन दोपहर बाद तेज धूप निकलने से उमस बढ़ गई। शाम के समय बरियातू इलाके में हल्की बारिश दर्ज की गई। रांची का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं राज्य के अन्य इलाकों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला और कई स्थानों पर बारिश हुई। पिछले 24 घंटों के दौरान सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर में 70.3 मिमी, कुरडेग में 61.4 मिमी और गोबिंदपुर में 60.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में 23.5 मिमी बारिश हुई। दूसरी ओर पलामू प्रमंडल का डालटनगंज 40.9 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और गर्मी का यह मिश्रित असर फिलहाल जारी रहेगा।

13 जून तक अलर्ट, कई जिलों में तेज हवा की चेतावनी
मौसम विभाग ने 13 जून तक राज्य के कई हिस्सों में गर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। 11 जून के लिए गोड्डा, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो और कोडरमा समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं पलामू, गढ़वा और चतरा में गर्मी का असर बरकरार रहने की संभावना है, जहां तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात के समय खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।