logo

झारखंड में बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत; इन जिलों में आज बारिश के आसार

RAIN_AI.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार सुबह राज्य के कई जिलों में बारिश हुई। राजधानी रांची समेत कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि बेड़ो के खुखरा गांव में वज्रपात की चपेट में आने से 61 वर्षीय किसान भीम महतो की मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक का माहौल है।


तापमान में गिरावट से मिली राहत
बारिश के बाद राज्य के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रांची का अधिकतम तापमान 1.7 डिग्री गिरकर 38.2 डिग्री सेल्सियस हो गया, जबकि डालटनगंज में 3.2 डिग्री की गिरावट के साथ तापमान 41.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 6 डिग्री तक की कमी आ सकती है, जिससे लोगों को और राहत मिलने की उम्मीद है।


अगले 6 दिनों तक बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले छह दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। 29 और 30 अप्रैल को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ और संथाल परगना के जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला, कोडरमा, लोहरदगा, धनबाद, गिरिडीह और जामताड़ा में गर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने की आशंका है।


येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 29 अप्रैल को रांची समेत 15 जिलों में वज्रपात और तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि 30 अप्रैल को 13 जिलों में आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।


 

Tags - Jharkhand news Weather news Rain update Thunderstorm alert India weather Ranchi