logo

झारखंड में आज से बारिश से राहत, अब चढ़ेगा पारा; 14 अप्रैल के बाद गर्मी का असर तेज

HDDD.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में आज से बारिश से राहत मिलने की संभावना जताई गई है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले चार दिनों में गर्मी बढ़ेगी और कई जिलों में पारा 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। 14 अप्रैल के बाद गर्मी और उमस और ज्यादा बढ़ने के आसार हैं। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस नामकुम रांची में रहा। राज्य के कई हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई, वहीं रांची में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी देखने को मिली। सबसे अधिक 32.2 मिमी बारिश गोड्डा में दर्ज की गई।

जनजीवन हुआ प्रभावित

पिछले दो-तीन दिनों में आंधी, बारिश और वज्रपात ने जनजीवन को प्रभावित किया है। इन घटनाओं में दो दिनों के भीतर तीन लोगों की मौत हो गई है। कई जिलों में पेड़ गिरने और फसलों को नुकसान की भी खबर है। खासकर सब्जी उगाने वाले किसानों को भारी क्षति हुई है। मौसम के उतार-चढ़ाव का असर सब्जियों की कीमतों पर भी पड़ा है। स्थानीय उत्पादन घटने से आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बीते एक सप्ताह में अधिकांश सब्जियों के दाम 5 से 10 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। सबसे ज्यादा असर नींबू पर पड़ा है, जिसकी कीमत 5 रुपये प्रति पीस से बढ़कर 10 रुपये तक पहुंच गई है।

तीन लोगों की हो गई आंधी बारिश मौत

पिछले दो-तीनों में आंधी-बारिश और वज्रपात ने राज्य में जनजीवन को प्रभावित किया है। पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा में सीआरपीएफ कैंप पर पेड़ गिरने से कोबरा बटालियन के जवान राकेश कुमार की मौत हो गई। वहीं, हजारीबाग के विष्णुगढ़ में आंधी के दौरान बिजली का पोल गिरने से प्याज बेच रही एक महिला की जान चली गई। जमशेदपुर के डिमना क्षेत्र में वज्रपात की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। 

Tags - Jharkhand Weather Update Heatwave Rain Temperature Summer Ranchi India Weather