द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में इन दिनों मौसम बदला हुआ है। लगभग रोजाना दोपहर बाद कई जिलों में तेज हवा, गर्जन और बारिश देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि राज्य में यह स्थिति फिलहाल 20 मई तक बनी रह सकती है। विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि इसके बाद तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, 15 मई को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के कई हिस्सों में गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। साथ ही वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 16 मई को भी राज्य के विभिन्न इलाकों में इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान है।

17 मई को छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
17 मई को धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़ और रांची के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है और गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा खूंटी और गुमला में भी बारिश के आसार जताए गए हैं। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

डाल्टेनगंज रहा सबसे गर्म
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 35 मिमी वर्षा पाकुड़ जिले के अमरापाड़ा मौसम केंद्र में रिकॉर्ड की गई। वहीं, डाल्टेनगंज राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, लातेहार में न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।