द फॉलोअप,झारखंड
झारखंड में मौसम का डबल अटैक जारी है। एक तरफ मौसम विभाग ने आज राज्य के उत्तर पश्चिमी हिस्से पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा में हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं दूसरी तरफ उत्तर- पूर्वी हिस्से में आंधी-बारिश की चेतावनी दी है।

50-60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी
मौसम विभाग ने राजधानी रांची समेत, रामगढ़, गुमला, खूंटी, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज के अलावा निकटवर्ती मध्य भाग के धनबाद, बोकारो, गिरिडीह और हजारीबाग में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान इन इलाकों में 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। वहीं, निकटवर्ती मध्य भाग के शेष जिले रांची, रामगढ़, गुमला और खूंटी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

29 और 30 मई को तापमान में गिरावट होने की संभावना
बीते दिनों राज्य का सबसे अधिक तापमान डाल्टेनगंज में 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा राज्य के सभी जिलों में अधिकतम तापमान 40 के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक यानी 26, 27 और 28 मई के बीच अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं 29 और 30 मई को तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।