द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम केंद्र ने 2 मई तक राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बदलते मौसम के असर जारी रहने की संभावना जताई है और मेघ गर्जन व वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पलामू में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज
रविवार को रांची का अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि राज्य के कई जिलों में इससे कम तापमान रहा। पलामू सबसे गर्म जिला रहा, जहां पारा 44.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा सरायकेला में 42.5, पूर्वी सिंहभूम में 41.9 और गुमला में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं बोकारो में 35.2 और जमशेदपुर में 37.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जबकि संताल परगना के जिलों में तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा।

तेज हवाएं, बारिश और वज्रपात का अलर्ट
27 अप्रैल से मौसम में बदलाव के साथ संताल परगना, रांची, बोकारो और हजारीबाग में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना है। 28 और 29 अप्रैल को रांची और कोल्हान क्षेत्र में भी गर्जन के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। 30 अप्रैल से लेकर 2 मई तक पूरे झारखंड में आंधी, बारिश और वज्रपात का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।