logo

9 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 21 मई को पलामू प्रमंडल में लू का खतरा; 23 मई को फिर बिगड़ सकता है मौसम

तदद4.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में जहां गर्मी का असर बढ़ रहा है, वहीं कुछ जिलों में दोपहर बाद तेज हवा, बारिश और वज्रपात की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग ने 20 मई को बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं राजधानी रांची समेत कई इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने 21 मई के लिए पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में लू चलने की चेतावनी जारी की है। उत्तर-पश्चिमी जिलों में गर्म और शुष्क हवाओं का प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है, जिससे तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मेदिनीनगर और आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी पड़ सकती है। वहीं जमशेदपुर और धनबाद जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दूसरी ओर रांची, हजारीबाग और पूर्वी सिंहभूम में न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रहने से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रह सकता है।


23 मई को फिर बिगड़ सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 23 मई को रांची समेत कई जिलों में एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का अनुमान है कि 25 मई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंधी, बारिश और मेघ गर्जन की स्थिति बनी रह सकती है, जिसके मद्देनजर यलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। 22 मई को भी दिन में गर्मी और शाम के समय मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।


खूंटी और सरायकेला में मौसम ने बदला रुख
बीते 24 घंटे के दौरान रांची के अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई और पारा 37.4 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं मेदिनीनगर में तापमान में एक डिग्री की गिरावट के बावजूद अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर का तापमान 40.4 डिग्री दर्ज हुआ। दूसरी ओर सरायकेला में हल्की बारिश और खूंटी में तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

 

Tags - JharkhandWeather RanchiNews WeatherAlert Heatwave RainUpdate