द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मौसम विभाग ने 21 से 25 मई के बीच राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। खासकर संताल परगना समेत उत्तर-पूर्वी जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, देवघर और जामताड़ा जैसे जिलों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है। वहीं धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़, कोडरमा और हजारीबाग में भी 23 से 25 मई के बीच ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

गर्मी और उमस ने लोगों को किया परेशान
पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड में मौसम का दोहरा असर देखने को मिला। दिन में तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल रहा, जबकि कुछ जिलों में शाम के समय हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़े। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। वहीं सरायकेला में सबसे अधिक 6.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
राज्य में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को गढ़वा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पलामू में 43.4 डिग्री, जमशेदपुर में 41.8 डिग्री, बोकारो में 41.2 डिग्री, सरायकेला में 41.1 डिग्री और चाईबासा में 40.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। रामगढ़ का पारा भी 40 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि अन्य जिलों में तापमान 37 से 39 डिग्री के बीच बना हुआ है।

26 मई तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने के आसार
मौसम विभाग ने कहा है कि 26 मई तक राज्य में मौसम का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। रांची सहित आसपास के जिलों में बादल छाने, तेज हवा चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा गर्मी और लू से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।