रांची
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से झारखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को रांची समेत चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा जिलों के लिए बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
15 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 15 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश तथा वज्रपात की आशंका है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रांची सहित राज्य के अन्य हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कई स्थानों पर मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
16 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग ने 16 अगस्त को भी गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। रांची समेत अन्य जिलों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
खूंटी में सबसे अधिक बारिश दर्ज
गुरुवार को राज्य में सबसे अधिक 52 मिमी बारिश खूंटी में रिकॉर्ड की गई। वहीं राजधानी रांची में 12 मिमी वर्षा दर्ज की गई। रांची में देर रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। उधर, लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र स्थित चीरो गांव में वज्रपात की चपेट में आने से धनरोपनी के लिए खेत गई कलतिया देवी (25) की मौत हो गई। वह अकलू गंझू की पत्नी थीं।.jpeg)
सामान्य से अब भी कम है बारिश
राज्य में अब तक सामान्य से 21 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जबकि रांची में वर्षा की कमी 10 प्रतिशत बनी हुई है। हालांकि पश्चिमी सिंहभूम जिला इस मामले में अपवाद रहा है, जहां सामान्य से 26 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।