logo

झारखंड माध्यमिक आचार्य भर्ती को लेकर बड़ा अपडेट, 316 अभ्यर्थियों के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की तारीख घोषित

Screenshot_2026-06-03_194350.jpg

रांची 
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड प्रशिक्षित माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 से जुड़ी एक बड़ी और जरूरी खबर सामने आई है। राज्य के माध्यमिक स्कूलों में 1373 पदों पर होने वाली शिक्षकों की बहाली प्रक्रिया अब एक कदम और आगे बढ़ गई है। आयोग ने जनजातीय और क्षेत्रीय भाषा विषयों के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए 316 उम्मीदवारों के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की तारीख घोषित कर दी है। 
316 अभ्यर्थियों का 11 विषयों में होगा सत्यापन
JSSC की ओर से जारी सूचना के अनुसार कुल 11 विषयों के 316 अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र जांच के लिए बुलाया गया है। इनमें जनजातीय और क्षेत्रीय भाषाओं के अभ्यर्थी शामिल हैं, जिन्होंने नियुक्ति प्रक्रिया के अगले चरण के लिए पात्रता हासिल की है। आयोग के परीक्षा नियंत्रक ने सभी शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से 1 घंटा पहले जांच स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है, ताकि दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जा सके।
जांच नामकुम स्थित आयोग कार्यालय में होगी 
प्रमाण पत्रों की जांच झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के कार्यालय, कालीनगर चाय बागान, नामकुम में आयोजित की जाएगी। जांच प्रक्रिया दो पालियों में पूरी होगी। प्रथम पाली का समय सुबह 10:30 से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है, जबकि द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को अपनी निर्धारित पाली के समय से कम से कम एक घंटा पहले पहुंचना होगा, ताकि सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। 
सत्यापन के लिए आयोग जल्द जारी करेगा शेड्यूल
माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के उद्देश्य से JSSC द्वारा 1373 माध्यमिक आचार्यों की नियुक्ति प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इसके तहत राज्य के अलग-अलग स्कूलों में विषय के आधार पर शिक्षकों की बहाली की जाएगी। दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया को नियुक्ति अभियान का महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है। कागजातों की जांच सफ़लतापूर्वक पूरी होते ही फाइनल मेरिट लिस्ट जारी करने और नियुक्ति पत्र  देने का रास्ता बिल्कुल साफ हो जाएगा। यही वजह है कि राज्यभर के उम्मीदवारों की नजरें अब इस प्रक्रिया के अगले चरण पर टिकी हुई हैं। 
आवश्यक दस्तावेज सभी को साथ लाने होंगे  
परीक्षा नियंत्रक ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि वे अपने सभी ओरिजिनल सर्टिफिकेट्स, उनकी फोटोकॉपी , रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो और आयोग का फॉर्म पूरा भरकर अपने साथ लाएं। दस्तावेजों में किसी प्रकार की कमी या गलती पाए जाने पर अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए आयोग ने कहा है कि आने से पहले अपने सभी डॉक्यूमेंट्स को एक बार अच्छी तरह खुद जरूर जांच लें।

अभ्यर्थियों की विषयवार सूची
संताली: 66 अभ्यर्थी
हो: 24 अभ्यर्थी
कुरमाली: 14 अभ्यर्थी
कुडुख: 21 अभ्यर्थी
मुंडारी: 14 अभ्यर्थी
उड़िया: 3 अभ्यर्थी
पंचपरगनिया: 14 अभ्यर्थी
बंगला: 25 अभ्यर्थी
खोरठा: 27 अभ्यर्थी
नागपुरी: 30 अभ्यर्थी
उर्दू: 78 अभ्यर्थी

Tags - JSSC Teacher Recruitment Jharkhand Jobs Document Verification Education News