गिरिडीह
झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर भाकपा (माले) गिरिडीह नगर इकाई की ओर से सोमवार देर शाम पपरवाटांड़ स्थित पार्टी कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) के नगर सचिव राजेश सिन्हा ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू ने एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और विधायक, मंत्री से लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाले नेता तक का सफर तय किया। उनके आकस्मिक निधन से न केवल गिरिडीह की तमाम जनता बल्कि सम्पूर्ण झारखंड, उनके समर्थक, विपक्षी दल और गठबंधन के सभी साथी आहत हैं। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू विकास के प्रति समर्पित नेता थे और क्षेत्र के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
.jpeg)
झारखंड को अपूरणीय क्षति हुई है
उनके निधन से गिरिडीह ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड को अपूरणीय क्षति हुई है। राजेश सिन्हा ने दिवंगत मंत्री के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनके छोटे बेटे और दो बेटियां भी अपने पिता के कदमों पर चलें और जीवन में सफल हों। उन्होंने ईश्वर से उनकी पत्नी और पूरे परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की। इस दौरान भाकपा (माले) ने अपने पूर्व निर्धारित 36 वार्ड अभियान को स्थगित करने की घोषणा की। पार्टी के अनुसार अब यह अभियान 22 सितंबर से पुनः शुरू किया जाएगा। श्रद्धांजलि सभा में दिनेश विश्वकर्मा, नरेश तुरी, नौशाद आलम, तब्बारक चुन्नू, अमन वारसी, अरबाज अंसारी, अमन गांधी, जनाब अली मुर्तजा, सलीम, एहतेशाम उद्दीन फरीदी, गुफरान अंसारी, आदर्श शर्मा, वारिस अंसारी, इमाम उद्दीन अंसारी, आफताब, शम्सुल और सोहेब अंसारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
