logo

छात्र आंदोलन के समर्थन में आज विधानसभा मार्च, AISA समेत वाम संगठनों के ऐलान से पुलिस अलर्ट

वदीो1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
7 अगस्त यानी आज छात्रों के आंदोलन के समर्थन में AISA समेत वाम दलों के छात्र संगठनों और कई सामाजिक संगठनों ने विधानसभा मार्च का आह्वान किया है। AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने भी मार्च में शामिल होने की घोषणा की है। इसे देखते हुए रांची में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। हालांकि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वे इस विधानसभा मार्च में शामिल नहीं होंगे। ऐसे में मार्च में छात्र संगठनों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी को लेकर निगाहें टिकी हुई हैं।


बारिश बन सकती है चुनौती
रांची में आज मौसम भी विधानसभा मार्च के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। यदि तेज बारिश होती है, तो मार्च की भीड़ और आयोजन पर इसका असर देखने को मिल सकता है। प्रशासन भी मौसम और संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है। वहीं छात्र आंदोलन के बीच 6 अगस्त को सरकार की ओर से गठित कमेटी और छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के बीच प्रस्तावित बातचीत नहीं हो सकी। देर शाम तक स्टेट गेस्ट हाउस में बातचीत की संभावना को लेकर चर्चा होती रही, लेकिन वार्ता को लेकर कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया।


आज वार्ता की संभावना
अब 7 अगस्त को सरकार और छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के बीच बातचीत होने की पूरी संभावना जताई जा रही है। ऐसे में छात्रों के आंदोलन को लेकर आज का दिन काफी अहम माना जा रहा है। एक ओर विधानसभा मार्च पर सबकी नजर है, तो दूसरी ओर सरकार और छात्रों के बीच संभावित वार्ता से भी समाधान की उम्मीदें जुड़ी हुई हैं। बता दें कि आज झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र का दूसरा दिन है। ऐसे में छात्र आंदोलन, विधानसभा मार्च और सरकार-छात्र वार्ता के बीच आज राजधानी रांची में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहने की संभावना है।
 

Tags - Jharkhand News Student Protest AISA Ranchi News Assembly March