logo

भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के आखिरी पड़ाव पर पहुंचे देवेंद्र नाथ महतो, गढ़वा में छात्रों ने कंधे पर बैठाकर कराया स्वागत

भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के आखिरी पड़ाव पर पहुंचे देवेंद्र नाथ महतो, गढ़वा में छात्रों ने कंधे पर बैठाकर कराया स्वागत

गढ़वा
झारखंड के गढ़वा में जेकेएलएम के छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के आखिरी पड़ाव पर पहुंचे। रंका मोड़ पहुंचते ही छात्रों ने उनका जोरदार स्वागत किया। छात्रों ने उन्हें कंधे पर बैठाकर करीब आधा किलोमीटर तक यात्रा कराई और प्रसिद्ध मां गढ़देवी मंदिर पहुंचाया, जहां देवेंद्र नाथ महतो ने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर देवेंद्र नाथ महतो इन दिनों झारखंड के 24 जिलों की यात्रा पर हैं। इसी क्रम में उनकी यात्रा गढ़वा जिले में पहुंची। सबसे पहले यात्रा भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र पहुंची। इसके बाद जिला मुख्यालय गढ़वा पहुंचने पर रंका मोड़ पर पहले से मौजूद छात्र-छात्राओं ने उनका स्वागत किया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान छात्रों ने देवेंद्र नाथ महतो को कंधे पर बैठाकर करीब आधा किलोमीटर तक यात्रा कराई। इसके बाद वे प्रसिद्ध मां गढ़देवी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने माथा टेककर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। इस मौके पर देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड के छात्रों को न्यायालय पर पूरा भरोसा है और उन्हें उम्मीद है कि सभी परीक्षाएं रद्द होंगी।

कार्रवाई पर नजर बनी हुई है


उन्होंने कहा कि सीआईडी की कार्रवाई पर भी उनकी नजर बनी हुई है। उनके मुताबिक, फिलहाल अभय तिवारी के आसपास के लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि कई अन्य लोगों पर कार्रवाई होना अभी बाकी है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले में विधायक, मंत्री, आईएएस, आईपीएस और कई सफेदपोश लोग अभी बचे हुए हैं। साथ ही जेएमएम को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दोबारा छात्रों पर हाथ उठाया गया तो झारखंड में बड़ा आंदोलन होगा। उन्होंने कहा कि अगर आंदोलन के बावजूद छात्रों को न्याय नहीं मिला, तो झारखंड में चक्का जाम किया जाएगा। गढ़वा में भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का यह पड़ाव पूरा हुआ, जबकि यात्रा का समापन रांची में होगा।


 

Tags - Devendra Nath Mahto Jharkhand Students Recruitment Reform Garhwa JKLМ