logo

झारखंड में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट, रांची समेत 12 जिले रहेंगे प्रभावित

Screenshot_2026-07-18_082626.jpg

रांची
मौसम को लेकर झारखंड में इन दिनों होने वाली बारिश का बड़ा अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग ने रांची समेत राज्य के 12 जिलों के लिए अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से कई इलाकों में घने बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर अच्छी बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की वजह से जलजमाव की स्थिति भी बन सकती है।
अगले पांच दिनों तक इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
अगले पांच दिनों के दौरान इन जिलों के नाम में रांची, पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में मानसून फिलहाल सामान्य से कमजोर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर राज्य के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। इसके कारण पलामू प्रमंडल और राज्य के दक्षिणी हिस्से के कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। 
पिछले 24 घंटे में लातेहार में सबसे अधिक 100 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 100 मिमी वर्षा लातेहार में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सिमडेगा में 78.4 मिमी, चंदवा में 64.5 मिमी, विश्रामपुर में 35.9 मिमी, पूर्वी सिंहभूम में 35.8 मिमी, पंचेत में 32.2 मिमी और लोहरदगा में 27.2 मिमी बारिश हुई। वहीं, रांची, गुमला, दुमका और रामगढ़ सहित कई जिलों में 15 से 25 मिमी तक वर्षा दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण जलजमाव की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।
मानसून सीजन में अब तक झारखंड में 40 प्रतिशत कम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस मानसून सीजन में अब तक झारखंड में 210.8 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य वर्षा 359.8 मिमी होनी चाहिए थी। यानी राज्य में अब तक 40 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं, रांची में 280.9 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य 371 मिमी की तुलना में 24 प्रतिशत कम है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के ऊपर सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र के कारण अगले पांच दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की भी संभावना है।

Tags - Ranchi Rain Forecast IMD Jharkhand Bengal Low Pressure Jharkhand Monsoon Rain Alert India