logo

877 पदों पर अनुशंसा के बाद भी नियुक्ति पत्र की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थी, बंधु तिर्की से लगाई गुहार

877 पदों पर अनुशंसा के बाद भी नियुक्ति पत्र की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थी, बंधु तिर्की से लगाई गुहार

रांची

झारखंड में +2 स्कूलों के लिए माध्यमिक आचार्य के 1,373 पदों पर पहली बार निकली नियुक्ति  प्रक्रिया में 877 पदों के लिए नियुक्ति की अनुशंसा संबंधित विभाग की ओर से हो चुकी है, लेकिन सफल अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिला है। मिली खबर के मुताबिक करीब दो महीने से नियुक्ति पत्र का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों ने अब सरकार से जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है।
इसी मांग को लेकर अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की से मुलाकात की और उन्हें अपनी समस्या से अवगत कराया। अभ्यर्थियों ने कहा कि जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं के साथ राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, मनोविज्ञान, कंप्यूटर साइंस समेत कुल 23 विषयों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। ऐसे में अनुशंसा के बाद नियुक्ति पत्र जारी करने में हो रही देरी से अभ्यर्थियों में निराशा बढ़ रही है।

सरकार तक पहुंचाएंगे शिकायत 

अभ्यर्थियों के अनुसार, झारखंड गठन के 26 वर्षों के बाद राज्य के +2 स्कूलों में माध्यमिक आचार्य के 1,373 पदों पर नियुक्ति के लिए पहली बार विज्ञापन जारी किया गया था। वर्तमान में आयोग एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से 877 पदों पर नियुक्ति के लिए अनुशंसा की जा चुकी है। इसके बावजूद सफल अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र के लिए लगातार इंतजार कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने बंधु तिर्की से जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं समेत अन्य विषयों के सफल अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति पत्र वितरित कराने के लिए सरकार के स्तर पर पहल करने की मांग की। बंधु तिर्की ने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया कि उनकी बात को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कृषि मंत्री नेहा शिल्पी तिर्की से मुलाकात कराने के साथ मुख्यमंत्री से भी अभ्यर्थियों की भेंट कराने का आश्वासन दिया। इस बीच  नागपुरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. हरि उरांव भी सक्रिय रहे। मुलाकात के दौरान विनय टुडू, जेवियर मरांडी, मुजफ्फर अंसारी, मीना कुमारी, मिलन कुमार प्रजापति, अनिमेश उरांव, संजय नायक, आजाद बर्णवाल, प्रदीप उरांव, अमर उरांव समेत अन्य अभ्यर्थी मौजूद थे।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HH6GR1oBwB77Vy5eBcnoFo

Tags - Jharkhand Teacher Recruitment Plus Two Schools Bundhu Tirkey Tribal Regional Languages Teacher Appointment