द फॉलोअप डेस्क
झारखंड PGT भर्ती-2023 के अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग उठाई है। अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्ष 2023 में शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया लगभग तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। इससे हजारों अभ्यर्थी लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने बताया कि करीब दो माह पहले आयोग कार्यालय पहुंचकर उन्होंने आवेदन सौंपा था। आवेदन में 2nd मेरिट लिस्ट, BC-2 श्रेणी का परिणाम तथा 3rd DV (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) लिस्ट जल्द जारी करने का अनुरोध किया गया था। उनका दावा है कि उस समय आयोग की ओर से लगभग दो माह के भीतर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है।

देरी से प्रभावित हो रहा भविष्य
अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी से हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। लंबे समय से नियुक्ति नहीं होने के कारण उम्मीदवार मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने कहा कि राज्य के कई विद्यालयों में शिक्षकों के पद लंबे समय से रिक्त हैं। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं होने का असर शिक्षा व्यवस्था पर भी पड़ रहा है और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग
अभ्यर्थियों ने आयोग से जनहित और अभ्यर्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए PGT भर्ती-2023 की 2nd मेरिट लिस्ट, BC-2 श्रेणी का परिणाम और 3rd DV लिस्ट बिना किसी और विलंब के जारी करने की मांग की है, ताकि भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।