logo

झारखंड में सुस्त पड़ा मॉनसून, कई जिलों में लू का असर बरकरार; रांची में आज से 30 जून तक बारिश

RAIN4.jpg

द फॉलोअप डेस्क: 
झारखंड में मॉनसून की रफ्तार अब भी  धीमी बनी हुई है। मौसम विभाग ने 25 से 30 जून के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, मेघ गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। 25 जून को रांची का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। एक से 24 जून तक राज्य में सामान्य से 58 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में जहां सामान्य वर्षापात 132.2 मिमी होना चाहिए था, वहीं वास्तविक वर्षापात केवल 55.6 मिमी रिकॉर्ड किया गया। रांची में भी सामान्य से 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

25 और 26 जून को बारिश व तेज हवाओं के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 25 जून को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बादल गरजने, वज्रपात होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं गढ़वा, पलामू और चतरा समेत उत्तर-पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं लू चलने की आशंका भी जताई गई है। 26 जून को राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है।

कई जिलों में गर्मी और उमस से नहीं मिली राहत

मॉनसून के राज्य में प्रवेश करने के बावजूद झारखंड के लोगों को अब तक लगातार झमाझम बारिश का इंतजार है। बुधवार को रांची में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बोकारो में छिटपुट बारिश हुई। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस, मेदिनीनगर का 39.6 डिग्री, जमशेदपुर का 37.6 डिग्री, बोकारो का 36.2 डिग्री और चाईबासा का 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे जिलों में अब भी लू की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से पूरी राहत नहीं मिल पा रही है।

बारिश के बाद सड़कों पर बहा नालियों का पानी

राजधानी रांची में बुधवार को हुई बारिश ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की भी पोल खोल दी। बारिश के बाद खेलगांव चौक, बरियातू रोड, सेवा सदन पथ, रातू रोड, डिस्टिलरी पुल के पास और सिरमटोली चौक समेत कई इलाकों में नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगा। एक ओर जहां बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर जलनिकासी की समस्या के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

Tags - Jharkhand Weather Monsoon Ranchi Rainfall