logo

रक्षाबंधन से पहले महिलाओं को झारखंड सरकार का गिफ्ट, खाते में पहुंची 2500 की सम्मान राशि

cmhemant6.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रक्षाबंधन से पहले झारखंड सरकार ने राज्य की बहनों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3 लाख 95 हजार 692 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में अगस्त महीने की सम्मान राशि का भुगतान कर दिया गया है। हर लाभुक के खाते में 2,500 रुपये की राशि आधार बेस्ड डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी गई है। जिला प्रशासन के अनुसार अगस्त महीने के भुगतान के तहत रांची जिले की लाभुक महिलाओं के खातों में कुल 98 करोड़ 92 लाख 30 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की गई है। प्रशासन का कहना है कि योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।


कांके में सबसे अधिक लाभुक
लाभुकों की संख्या की बात करें तो कांके प्रखंड में सबसे अधिक 31,620 लाभुक हैं। इसके अलावा टाउन अर्बन क्षेत्र में 26,042, मांडर में 23,008, सिल्ली में 21,335, बेड़ो में 20,620, रातू में 20,427 और चान्हो में 19,374 लाभुक शामिल हैं। नगड़ी में 18,345, नामकुम में 18,071, ओरमांझी में 17,898, बुढ़मू में 17,841 और अनगड़ा में 16,796 लाभुकों को राशि मिली है। वहीं हेहल शहरी क्षेत्र में 16,376, सोनाहातू में 13,114, अरगोड़ा शहरी क्षेत्र में 13,406, लापुंग में 11,866, इटकी में 10,152 और बड़गाईं शहरी क्षेत्र में 10,124 लाभुक शामिल हैं। दूसरे क्षेत्रों के लाभुकों को भी अगस्त की सम्मान राशि उनके बैंक खातों में भेजी गई है।


उपायुक्त ने बताया प्रशासन की प्राथमिकता
रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। रांची जिले में योजना का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शी, सुगम और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे। भुगतान प्रक्रिया की नियमित समीक्षा की जा रही है और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। योजना महिलाओं के सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण की दिशा में मजबूत कदम है।
 

Tags - Maiya Samman Yojana Jharkhand Government Ranchi News Women Empowerment Direct Benefit Transfer