logo

जमशेदपुर की घटना के बाद सियासी संग्राम, आदित्य साहू बोले-यह जंगलराज का प्रमाण 

jam_ATTACK.jpg

जमशेदपुर 

जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार एंड रेस्टोरेंट के बाहर हुए हिंसक हमले में घायल हिमांशु सिंह की मौत के बाद शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू आदित्यपुर स्थित उनके आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी, पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। परिजनों से घटना की जानकारी लेने के बाद आदित्य साहू ने मीडिया से बातचीत में राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड में अपराधियों की समानांतर सरकार चल रही है। जमशेदपुर में पुलिस की मौजूदगी में दो युवकों पर चापड़ से जानलेवा हमला हुआ, जिसमें हिमांशु सिंह की मौत हो गयी, जबकि दूसरा युवक अब भी जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि यह घटना साबित करती है कि राज्य में कानून का नहीं, बल्कि अपराधियों का राज चल रहा है।

पुलिस की घोर लापरवाही 

आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि यदि सरकार और पुलिस गंभीर होती तो अपराधियों की इतनी हिम्मत नहीं होती कि वे पीसीआर वैन में घुसकर अपनी जान बचाने की कोशिश कर रहे युवकों पर हमला करते, उन्हें वैन से बाहर घसीटते और पुलिस मूकदर्शक बनी रहती। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास हथियार होने के बावजूद अपराधियों को रोकने के लिए हवाई फायरिंग तक नहीं की गयी। उनके अनुसार, यह पुलिस की घोर लापरवाही ही नहीं बल्कि अपराधियों के साथ मिलीभगत का भी संकेत है। उन्होंने मांग की कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी हत्या की धारा 302 का मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाये। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के सामने इतनी बर्बर घटना होने के बावजूद प्रशासन मामले को भटकाने की कोशिश कर रहा है और दूसरे लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर वास्तविक दोषियों से ध्यान हटाया जा रहा है।

पार्टी ने बार से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच करायी

भाजपा इस मामले को किसी भी कीमत पर दबने या भटकने नहीं देगी। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि मामले को प्रभावित करने की कोशिश हुई तो जिस तरह जमशेदपुर बंद कराया गया, उसी तरह आवश्यकता पड़ने पर भाजपा पूरे झारखंड बंद का आह्वान करेगी। डबल डाउन बार के संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह पर दर्ज एफआईआर के सवाल पर आदित्य साहू ने कहा कि पार्टी ने बार से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच करायी है। लीगल टीम के चार वकीलों ने भी दस्तावेजों का परीक्षण किया है और सभी कागजात तथा सरकारी लाइसेंस वैध पाये गये हैं। उन्होंने कहा कि यदि बार अवैध रूप से संचालित हो रहा था तो प्रशासन ने पहले उसे सील क्यों नहीं किया। सरकार ने ही उसे संचालन की अनुमति दी थी। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी के घर भोजन करने के बाद बाहर जाकर अपराध करता है तो उसके लिए घर का मालिक जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि नीरज सिंह के खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य मिलता है तो कानून के अनुसार उन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। पार्टी को उससे कोई लेना-देना नहीं है।

पूरे मामले को लेकर राज्यपाल से करेंगे मुलाकात 

आदित्य साहू ने कहा कि राज्य में पुलिस-प्रशासन और सरकार से जनता का विश्वास पूरी तरह उठ चुका है। उनका कहना था कि यदि भाजपा सड़कों पर नहीं उतरती तो सरकार और प्रशासन इस घटना पर भी लीपापोती करने का प्रयास करते। उन्होंने बताया कि भाजपा इस पूरे मामले को लेकर राज्यपाल से समय मांगेगी और पीड़ित परिवार के साथ मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम से अवगत करायेगी। साथ ही दोषियों को फांसी की सजा देने की भी मांग करेगी।राज्य में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बोकारो में भी हाल ही में चापड़बाजी की घटना हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में बालू, लोहा और कोयले की तस्करी, जमीन की लूट तथा अपराध चरम पर हैं, जबकि आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। वर्ष 2000 से पहले जिस तरह जंगलराज की स्थिति थी, वैसी ही परिस्थितियां आज फिर झारखंड में बन गयी हैं। उनके अनुसार, पुलिस के सामने दो युवकों पर हमला होना इस बात का सबसे बड़ा प्रमाण है कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।

Tags - Violent Attack BJP Jharkhand Crime in Jamshedpur Opposition Attack on Government