logo

झारखंड में जुलाई के पहले 10 दिन होगी अच्छी बारिश, फिर कमजोर पड़ सकता है मानसून

RAIN26.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में जुलाई महीने की शुरुआत अच्छी बारिश के साथ होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 3 जुलाई को उत्तरी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से राज्य के अधिकांश हिस्सों में महीने के पहले 10 दिनों तक अच्छी वर्षा होगी। लगातार बारिश से अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि बीच-बीच में बारिश का ब्रेक भी देखने को मिल सकता है, जिससे कुछ समय के लिए उमस बढ़ सकती है।


अल नीनो का असर, पूरे महीने सामान्य या कम बारिश के आसार

मौसम विभाग का अनुमान है कि पूरे जुलाई महीने में सामान्य से सामान्य से कम बारिश हो सकती है। शुरुआती डेढ़ सप्ताह तक मानसून सक्रिय रहेगा, लेकिन इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। इसकी प्रमुख वजह प्रशांत महासागर में विकसित हो रही अल नीनो की स्थिति मानी जा रही है, जिसका असर मानसून की गति और वर्षा पर पड़ सकता है। यदि ऐसा हुआ तो किसानों की चिंता बढ़ सकती है।

10 साल के आंकड़ों में बारिश और तापमान का ट्रेंड

पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों के अनुसार जुलाई महीने में वर्ष 2017 में सामान्य से 81 प्रतिशत, वर्ष 2021 में 42 प्रतिशत और वर्ष 2025 में 19 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई थी। वहीं पिछले पांच वर्षों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया। वर्ष 2020 से 2025 के दौरान अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वर्ष 2025 में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

किसानों को धान रोपाई की सलाह

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि शुरुआती अच्छी बारिश का लाभ उठाते हुए पहले निचले खेतों में धान की रोपाई को प्राथमिकता दें, जहां पानी का पर्याप्त ठहराव हो सके। वहीं ऊंचाई वाले खेतों में दलहन और तिलहन की खेती करना अधिक लाभदायक रहेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश की स्थिति को देखते हुए फसल की योजना बनाने से नुकसान की आशंका कम होगी।

 

Tags - Jharkhand Monsoon Rainfall Weather Agriculture