द फॉलोअप डेस्क:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को जामताड़ा स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, जिला महामंत्री सह अभियान के जिला संयोजक कमलेश मंडल, जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता और भाजपा नेता तरुण गुप्ता मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में रणधीर सिंह ने एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग अपने घरों और मंदिरों में दीये जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु और बेहतर स्वास्थ्य की कामना करेंगे। इसके बाद पूरे महीने जिले में जनसेवा और जागरूकता से जुड़े अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हेमंत सोरेन पर साधे आज्ञे जमकर निशाने
अभियान की जानकारी देने के साथ ही रणधीर सिंह ने झारखंड सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने राज्य सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए JSSC और JPSC भर्ती परीक्षाओं में भारी धांधली और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। रणधीर सिंह ने कहा कि इन अनियमितताओं की वजह से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने परीक्षाओं की CBI जांच कराने, छात्रों पर दर्ज फर्जी मुकदमे वापस लेने और रिश्वत देकर नौकरी पाने वालों को बर्खास्त कर योग्य अभ्यर्थियों को न्याय देने की मांग की। रणधीर सिंह ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था और खाद्य आपूर्ति विभाग को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के अपने चाचा का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है, जो सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को दिखाता है।
.jpeg)
सरकार के कामकाज से जनता परेशान
वहीं, खाद्य आपूर्ति विभाग में चीनी सड़ने और राशन वितरण में कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए उन्होंने दावा किया कि संथाल परगना में FCI गोदामों और अनाज परिवहन पर मंत्री के रिश्तेदारों का कब्जा है। उन्होंने यह भी कहा कि डीलरों को पिछले एक साल से उनका मानदेय नहीं मिला है। ऊर्जा विभाग को लेकर भी भाजपा नेता ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। रणधीर सिंह ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी एक अधिकारी को पिछले छह सालों से लगातार सेवा विस्तार दिया जा रहा है। उन्होंने ‘ज्रेडा’ (झारखंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी) की ओर से लगाई जा रही सोलर स्ट्रीट लाइटों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि इनमें घटिया सामग्री का इस्तेमाल हो रहा है और ये लाइटें छह महीने भी नहीं चल पाती हैं। इसके अलावा रणधीर सिंह ने ग्रामीण कार्य विभाग और स्पेशल डिवीजन में वर्क ऑर्डर देने के नाम पर 5.5 फीसदी तक कमीशन लिए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के कामकाज से जनता परेशान है और आने वाले चुनाव में जनता इस सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।