logo

जानिये झारखंड जगुआर के जवानों ने सीएम हेमंत को किस बात के लिए कहा, शुक्रिया! 

cm221.jpg

रांची 

झारखंड जगुआर के जवानों के लिए विशेष सुविधा भत्ता के प्रस्ताव को हेमंत कैबिनेट से स्वीकृति मिल चुकी है। इसे लेकर चतुर्थ वर्गीय पुलिस कर्मचारी संघ, झारखंड जगुआर ने आज सीएम हेमंत सोरेन का आभार जताया। ढोल-नगाड़े के साथ मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में उन्होंने हेमंत का अभिनंदन और स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि आईएएस हो या चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी, हमारे लिए सभी एक समान हैं। यह सरकार सभी को एक नज़र से देखती है। आप सभी सरकार के आंख, नाक और कान हैं। आप राज्य की जनता की सेवा करें। सबके हितों का ध्यान सरकार रखेगी।

सभी वर्ग के लिए कर रहे हैं काम 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी वर्ग के लोगों के हित में सरकार काम कर रही है। उनकी समस्याओं को यथासंभव दूर कर रही है। उनके चेहरे पर खुशी लाने का प्रयास लगाकर जारी है। मैं यह तो दावा नहीं कर सकता कि सभी चीज़े सही हो गई हैं, लेकिन यह इसकी शुरुआत जरूर है। मुझे पूरी उम्मीद और आशा है कि हमारी सरकार पूरी व्यवस्था को व्यवस्थित करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों के प्रति हमारी जितनी जिम्मेदारी है, उतनी जिम्मेदारी आपकी भी है। आप पूरी मानवता और संवेदना के साथ आम नागरिकों की सेवा करें। मेरा आपसे कहना है कि सरकार की जो सोच है, उसे पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ें। 

मौके पर ये लोग थे मौजूद 
इस अवसर पर झारखंड चतुर्थ वर्गीय पुलिस कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री    हेमंत सोरेन की सरकार जो कहती है, वह करती है। आप अपने कार्यों से हमारे दिलों में पहुंचे हैं। इस अवसर पर झारखंड पुलिस चतुर्थवर्गीय कर्मचारी संघ, झारखंड जगुआर के अध्यक्ष जीतराम स्वांसी, उपाध्यक्ष श्रवण कुमार रवि, शाखा मंत्री विकास, कोषाध्यक्ष रणधीर सिंह छेत्री, संगठन मंत्री समीर महतो, मुख्यालय प्रतिनिधि अभिषेक तिवारी एवं कार्यालय मंत्री आशीष रंजन समेत संघ के तमाम सदस्य मौजूद थे।