logo

दिसंबर में आयेगा JTET का रिजल्ट, JAC अगले हफ्ते मांगेगा दावा–आपत्ति; OMR शीट जारी होगी

दिसंबर में आयेगा JTET का रिजल्ट, JAC अगले हफ्ते मांगेगा दावा–आपत्ति; OMR शीट जारी होगी

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से आयोजित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) रविवार को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा में पहली से पांचवीं और छठी से आठवीं कक्षा तक के शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थी शामिल हुए। जैक के सचिव सच्चिदानंद द्विवेंदु तिग्गा ने बताया कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए प्रशासन ने पूरी मेहनत की। परीक्षा का परिणाम दिसंबर में जारी किए जाने की तैयारी है।

दोनों स्तरों पर लाखों अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

जेटेट के पहले से पांचवें स्तर की परीक्षा में कुल 1,96,211 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 1,72,145 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 24,066 अनुपस्थित रहे। इस स्तर पर कुल उपस्थिति 87.73 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं, छठी से आठवीं कक्षा के स्तर पर 3,69,705 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें 3,13,098 परीक्षा में शामिल हुए और 56,607 अनुपस्थित रहे। इस स्तर पर उपस्थिति का प्रतिशत 84.69 रहा।

अगले सप्ताह से उत्तर कुंजी पर आपत्ति का मौका

जैक अगले सप्ताह से परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों और उत्तरों को लेकर अभ्यर्थियों से आपत्तियां आमंत्रित करेगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को 10 से 15 दिनों तक का समय दिया जा सकता है। जैक पहली बार ओएमआर शीट को सार्वजनिक डोमेन में अपलोड करने की तैयारी भी कर रहा है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। सचिव सच्चिदानंद द्विवेंदु तिग्गा के अनुसार, परीक्षा के दौरान कहीं से भी अनियमितता की सूचना नहीं मिली है। आपत्तियों के निपटारे के बाद दिसंबर में परीक्षा का परिणाम जारी किया जाएगा।

Tags - Jharkhand J-TET JAC Education News Teacher Eligibility Test