logo

झारखंड में बढ़ी गर्मी, कई जिलों में 40 डिग्री के पार पारा, 17-18 अप्रैल को लू का अलर्ट

garmi3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में गर्मी ने तेज रफ्तार पकड़ ली है और राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार 17 और 18 अप्रैल को राजधानी रांची समेत 13 जिलों में लू चलने की आशंका जताई गई है। रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, लोहरदगा औऱ पलामू सहित कुछ जिलों में लू चल सकती है। राजधानी में भी तेज धूप और गर्म हवाओं का असर साफ दिखेगा। हालांकि 16 और 17 अप्रैल को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में आंशिक बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है, लेकिन रांची सहित अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। 


कई जिलों में तापमान में उछाल, मेदिनीनगर सबसे गर्म
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। इस दौरान मेदिनीनगर का तापमान 42.6 डिग्री तक पहुंच गया है, जो इस साल का अब तक का सबसे अधिक है। सरायकेला में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रांची में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले पांच दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है, जिससे गर्मी और अधिक परेशान कर सकती है।


इन जिलों में बारिश के आसार, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग के अनुसार 16 और 17 अप्रैल को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज में आंशिक बादल के साथ कहीं-कहीं गर्जन और हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 17 और 18 अप्रैल को रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, लोहरदगा और पलामू सहित कई जिलों में लू चलने की संभावना है। संथाल परगना के कुछ इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को तेज धूप और लू से बचने के लिए सतर्क रहने, घर से निकलते समय सावधानी बरतने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।

Tags - Weather news Jharkhand Heatwave IMD Summer alert India news