द फॉलोअप डेस्क
झारखंड HC की ओर से सांसद निशिकांत दुबे को राहत मिली है। बता दें कि HC ने 9 जनवरी तक गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ पीड़क कार्रवाई पर रोक लगा दी है। साथ ही कोर्ट ने आदेश दिया है कि इस मामले में 9 जनवरी को ही न्यायालय अंतिम सुनवाई करेगी। जानकारी हो कि इस मामले की सुनवाई HC के न्यायाधीश जस्टिस संजय कुमार द्विवेदी की कोर्ट में हुई। इस सुनवाई में निशिकांत दुबे की तरफ से अधिवक्ता प्रशांत पल्लव, पार्थ जालान और शिवानी जालूका ने बहस की।
बता दें कि यह मामला देवघर स्थित परित्राण मेडिकल ट्रस्ट की सम्पति बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट द्वारा खरीदे जाने से संबंधित है। इसमें शिवदत्त शर्मा नाम के व्यक्ति ने निशिकांत दुबे के खिलाफ जालसाजी का आरोप लगाया था और प्राथमिकी दर्ज करवाई है। इसी को रद्द करने के लिए सांसद निशिकांत दुबे ने झारखंड HC का दरवाजा खटखटाया है।
