logo

गोड्डा का जवान जम्मू के सैन्य कैंप से लापता, 6 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग, चार महीने पहले हुई थी शादी

army4.jpg

गोड्डा
झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा प्रखंड स्थित मनोहरपुर गांव निवासी भारतीय सेना के जवान वाशुदेव राय बीते 2 जुलाई से जम्मू-कश्मीर के उधमपुर स्थित अपने सैन्य कैंप से लापता हैं। वर्ष 2020 में भारतीय सेना में भर्ती हुए वाशुदेव राय 2 जुलाई को अपने कैंप से यह कहकर निकले थे कि उनके दांत में तेज दर्द है और इलाज कराने के लिए सैन्य अस्पताल जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार उन्होंने उधमपुर स्थित मिलिट्री अस्पताल में इलाज भी कराया, लेकिन इसके बाद वह वापस अपने कैंप नहीं लौटे। काफी इंतजार के बाद जब उनका कोई पता नहीं चला तो उनकी रेजिमेंट ने तलाश शुरू की, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है।

बेटे की सुरक्षित वापसी को लेकर चिंतित

जवान के लापता होने की सूचना सेना की ओर से उनके परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। बता दें कि मार्च 2026 में वासुदेव की शादी हुई थी और शादी के चार महीने बाद ही वे लापता हैं। ऐसे में उनकी पत्नी भी बेहद चिंतित हैं। वाशुदेव राय अपने परिवार के बड़े बेटे हैं। उनके पिता विपचंद राय एक किसान हैं और बेटे की सुरक्षित वापसी को लेकर लगातार चिंतित हैं। उन्होंने प्रशासन और सेना से अपने बेटे की जल्द से जल्द तलाश कर सुरक्षित घर वापसी की गुहार लगाई है। गांव में भी इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है और ग्रामीण व रिश्तेदार वाशुदेव के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि सेना और संबंधित एजेंसियां जल्द ही वाशुदेव राय का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित वापस लाएंगी।

Tags - Indian Army Missing Soldier Search Operation