logo

झारखंड फुटबॉल संघ के अध्यक्ष बने प्रदीप वर्मा, रब्बानी परिवार का दबदबा बरकरार

झारखंड फुटबॉल संघ के अध्यक्ष बने प्रदीप वर्मा, रब्बानी परिवार का दबदबा बरकरार

Giridih: झारखंड फुटबॉल संघ (JFA) की वार्षिक आम सभा रविवार को गिरिडीह में आयोजित हुई। बैठक में संघ की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें गुमला के भाजपा नेता प्रदीप वर्मा को झारखंड फुटबॉल (Jharkhand Football Association) संघ का नया अध्यक्ष चुना गया। हालांकि, संघ के प्रमुख पदों पर हुए इस बदलाव के बावजूद गुलाम रब्बानी का परिवार अपना प्रभाव बनाए रखने में सफल रहा। उन्होंने खुद किसी पद पर रहने के बजाय अपनी पत्नी और साले के बेटे को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दिलायी हैं।

पत्नी बनीं महासचिव, भांजे कोषाध्यक्ष

राज्य गठन के बाद से पिछले 26 वर्षों से झारखंड फुटबॉल संघ की कमान गुलाम रब्बानी के हाथों में रही है। इस बार उन्होंने प्रत्यक्ष रूप से पद संभालने के बजाय अपनी पत्नी शबाना रब्बानी को संघ का नया महासचिव बनवाया। वहीं, अपने साले के बेटे आफताब अहमद को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस तरह अध्यक्ष पद पर बदलाव के बावजूद संघ के महत्वपूर्ण पदों पर रब्बानी परिवार का प्रभाव बरकरार रहा। संघ के इस चुनाव को लेकर खेल प्रेमियों के बीच सवाल भी उठ रहे हैं। उनका मानना है कि झारखंड के 17 जिलों के सक्रिय मतदाताओं को बिना सूचना दिए भाजपा नेता प्रदीप वर्मा को अध्यक्ष चुन लिया गया। आरोप है कि चुनाव की प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता नहीं बरती गई। यहां तक कि गिरिडीह समेत पूरे झारखंड के मीडिया कर्मियों को भी चुनाव की जानकारी नहीं दी गई।

मुकुल चौधरी समेत कई बने उपाध्यक्ष

नई कार्यकारिणी में कॉरपोरेट संतुलन और औपचारिकता को ध्यान में रखते हुए टाटा स्टील के खेल विभाग के प्रमुख मुकुल विनायक चौधरी को उपाध्यक्ष बनाया गया है। उनके साथ सरायकेला-खरसावां के अजहर अहमद और नुपूर को भी उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है। कार्यकारिणी में कई नए चेहरों को भी जगह मिली है। पूर्व महिला फुटबॉलर आशा और मंसूर आलम को संयुक्त सचिव बनाया गया है। वहीं, कार्यकारिणी सदस्यों में बोकारो के सुभाष रजक, नवनीत ओझा और लोहरदगा के अंतरराष्ट्रीय रेफरी साजिद अहमद को शामिल किया गया है। बहरहाल, झारखंड फुटबॉल संघ की नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही नेतृत्व में बदलाव तो हुआ है, लेकिन महत्वपूर्ण पदों पर एक ही परिवार के सदस्यों की नियुक्ति और चुनाव की प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता के सवाल भी सामने आए हैं।

Tags - Jharkhand Football Association JFA Election 2026 Pradeep Verma JFA President Jharkhand Football Association New Committee