द फॉलोअप डेस्क
रांची के जयप्रकाश नगर क्रिकेट ग्राउंड, नजदीक सिनर्जी ग्लोबल हॉस्पिटल, बारियातू में झारखंड इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिकेट (रांची एकेडमी) का उद्घाटन हुआ। इस एकेडमी में इंडोर और आउटडोर सुविधाओं के साथ पुरुष और महिला क्रिकेट खिलाड़ी 6 से 19 वर्ष तक ट्रेनिंग ले सकते हैं। उद्घाटन पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और जेएससीए के सचिव सौरव तिवारी ने फीता काटकर किया।
इस मौके पर सौरव तिवारी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से झारखंड में क्रिकेट का कल्चर बढ़ा है और इस तरह की कोचिंग सुविधाओं के होने से यहां से कई खिलाड़ी निकलेंगे, जो देश के लिए खेलेंगे। उन्होंने कहा कि यहां पर सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं जो किसी भी अच्छे स्तर के खिलाड़ी को अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए आवश्यक हैं। झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने इस पहल को सराहते हुए कहा कि क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए सुरेश साहू जैसे सोच रखने वाले व्यक्तियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस कोचिंग से बेहतर खिलाड़ी तैयार होंगे जो आने वाले समय में बड़े मंचों पर खेलेंगे।
झारखंड क्रिकेट एकेडमी के निदेशक सुरेश साहू ने बताया कि बल्लेबाजों की प्रैक्टिस के लिए बॉलिंग मशीन लगाई गई है। बॉलिंग मशीन के साथ एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया गया है, जो तकनीक को सुधारने में मदद करेगा। स्पीडोमीटर के माध्यम से गेंदबाज अपनी गति ट्रैक कर सकते हैं और अपनी क्षमताओं को और बेहतर बना सकते हैं। इस एकेडमी में प्रोफेशनल कोचिंग, वीडियो एनालिसिस सेशन, इंटर एकेडमी टूर्नामेंट, नेट प्रैक्टिस, बॉलिंग, और स्टेट एवं नेशनल लेवल के लिए गाइडेंस की सुविधा उपलब्ध है।
एकेडमी के निदेशक सुरेश साहू ने यह भी बताया कि यहां पर सर्टिफाइड ट्रेनर के रूप में शुभम नायक, महिला ट्रेनर सोनाली साहू और अमन शर्मा को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, कोचिंग स्टाफ में पूर्व रणजी खिलाड़ी और पूर्व आईपीएल खिलाड़ी पर्सनल ट्रेनिंग के लिए उपलब्ध रहेंगे। इस मौके पर डायरेक्टर सुरेश साहू, रणजी खिलाड़ी मोनू कुमार, राजीव, नेपाल महतो, चंचल भट्टाचार्य समेत कई विशिष्ट लोग मौजूद थे।
