द फॉलोअप डेस्क:
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने प्रेस वार्ता कर कहा कि SIR प्रक्रिया के खिलाफ कांग्रेस की ओर से प्रदेशभर में प्रदर्शन की तैयारी की गई है। उन्होंने बताया कि सभी जिला मुख्यालयों पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता प्रेस वार्ता करेंगे। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन करेंगे। केशव महतो कमलेश ने कहा कि जनता के वोट की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती और संस्थाओं की जवाबदेही कांग्रेस के प्रमुख मुद्दे हैं। उन्होंने SIR प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा कि नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में कई विसंगतियां सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के दौरान खास तौर पर अल्पसंख्यक, दलित और OBC मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
.jpeg)
निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के सामने कांग्रेस का प्रदर्शन
केशव महतो कमलेश ने कहा कि कई जगह लोग आवेदन लेकर कतार में खड़े हैं, लेकिन समय पर उनके आवेदनों का निष्पादन नहीं हो रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी पहले भी महाराष्ट्र और हरियाणा में कथित वोट चोरी का मुद्दा उठा चुके हैं। अब SIR की परिस्थितियों को लेकर भी कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। उन्होंने बताया कि सोमवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय के सामने कांग्रेस प्रदर्शन करेगी। इस दौरान NDA, चुनाव आयोग, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले दहन किए जाएंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय पहुंचेंगे। केशव महतो कमलेश ने कहा कि प्रदर्शन में युवा कांग्रेस समेत कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसे लेकर सभी जिलों में तैयारियां पूरी की जा रही हैं।