logo

DGP से मिला झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स का प्रतिनिधिमंडल, धनबाद में ATS के गठन की मांग

a202.jpeg

रांची:

झारखंड चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्यों ने डीजीपी अजय कुमार सिंह से मुलाकात की। चैंबर ऑफ कॉमर्स ने धनबाद में स्पेशल टास्क फोर्स बनाकर क्राइम कंट्रोल सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही व्यापारियों ने मांग की है कि धनबाद पुलिस को निर्देशित किया जाए कि वह अपराध अनुसंधान और नियंत्रण की दिशा में अधिक जवाबदेह रवैया अख्तियार करे। चैंबर ने डीजीपी को जानकारी दी है कि व्यावसायियों के खिलाफ बढ़ते अपराध की वजह से धनबाद में बेमियादी बंद बुलाया गया है। राज्य को इससे काफी नुकसान होगा। कहा जा रहा है कि धनबाद में 1 दिवसीय बंद बुलाए जाने पर राजस्व को 500 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

 

धनबाद में बढ़ते अपराध पर जताई चिंता
झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के मेंबर्स ने डीजीपी को लिखित ज्ञापन देकर धनबाद में बढ़ते अपराध पर चिंता जताई। बताया कि जिले में नियमित रूप से व्यापारियों के साथ रंगदारी, धमकी, फायरिंग और बमबाजी की घटनाओं से व्यापारिक गतिविधियां संचालित होती हैं। जिले में व्यापारिक प्रतिष्ठानों, व्यावसायियों और चिकित्सकों पर फायरिंग की घटनाओं में वृद्धि देखी गई है। इसी वजह से व्यावसायिक गतिविधियों को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। 

 

व्यावसायिक गतिविधियों का बंद होना चिंताजनक
चैंबर ने डीजीपी को बताया कि जिले में व्यावसायिक गतिविधियों का बंद होना राज्य के लिए चिंता का विषय है। करवाचौथ जैसे त्योहार में धनबाद शहर की दुकानें बंद है। चैंबर ने मांग की है कि धनबाद शहर में विधि-व्यवस्था में गुणात्मक सुधार के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए। 

व्यापारियों ने धनबाद में बढ़ते अपराध पर जताई चिंता
व्यापारियों का आरोप है कि धनबाद में पिछले 6 महीने में 1 दर्जन से ज्यादा आपराधिक वारदातें हुई हैं। 28 अक्टूबर को ही धनबाद के बैंक मोड़ स्थित कार सेंटर के मालिक दीपक अग्रवाल को गोली मार दी गई। दीपक अग्रवाल को अपराधियों द्वारा लगातार धमकी दी जा रही थी। डर की वजह से दीपक पिछले 5 महीने से दुकान नहीं आ रहे थे। 28 अक्टूबर को आए और गोली मार दी गई। गनीमत रही कि गोली उनके जबड़े को छूकर निकल गई। मामले में धनबाद पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह को 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। एक अपराधी मुठभेड़ में घायल भी हुआ है।