logo

झारखंड : 13 अप्रैल को सात सूत्री मांगों को लेकर न्याय मार्च निकालेगी आजसू, कल होगा ये कार्यक्रम

1360.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के सभी 24 जिलों में 13 अप्रैल को आजसू पार्टी सात सूत्री मांगों को लेकर न्याय मार्च निकालेगी। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। कार्यक्रम के संबंध में आजसू के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि जिलास्तरीय न्याय मार्च की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई। सभी जिला इकाई अपने-अपने क्षेत्र में मार्च निकाल कर झारखंड विरोधी सरकार को आईना दिखाने के लिए तैयार हैं। वहीं, न्याय मार्च को लेकर आज आजसू प्रमुख सुदेश कुमार महतो ने कांके, रांची स्थित अपने आवास पर बैठक की। इस दौरान आजसू पार्टी रांची जिला इकाई के पदाधिकारी, रांची महानगर इकाई के पदाधिकारी, अखिल झारखंड छात्र संघ के पदाधिकारी सहित अन्य अनुषंगी इकाई के पदाधिकारी मौजूद रहे। रांची में होने वाले न्याय मार्च की जानकारी देते हुए डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि हजारों की संख्या में आजसू पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और पदाधिकारी मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से पैदल मार्च कर समाहरणालय पहुंच कर ज्ञापन सौंपेंगे।

7 सूत्री मांगों के लिए जारी रहेगा संघर्ष
सात सूत्री मांगों के संबंध में देवशरण भगत ने कहा कि इसको लेकर हम संघर्ष करते आए हैं और आगे भी यह जारी रहेगा। मालूम हो कि सात सूत्री मांगों में खतियान आधारित स्थानीय एवं नियोजन नीति लागू करने, जातीय जनगणना एवं पिछड़ों को आबादी अनुसार आरक्षण सुनिश्चित करने, पूर्व में जो जातियां अनुसूचित जनजाति की सूची में थे, उन्हें पुनः अनुसूचित जनजाति में शामिल करने, सरना धर्म कोड, बेरोजगारों को रोज़गार, झारखंड के संसाधनों की लूट बंद करने तथा झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मान देने की मांग शामिल है।

शहीद सिदो-कान्हू को दी जाएगी श्रद्धांजलि
आजसू पार्टी पूरे राज्य में मंगलवार को हूल क्रांति का शंखनाद करने वाले महानायक तथा झारखंड की माटी के वीर सपूत सिदो-कान्हू की जयंती मनाएगी। आजसू पार्टी के सभी पदाधिकारी कल अपने-अपने क्षेत्र में महान क्रांतिकारी अमर शहीद सिदो-कान्हू को श्रद्धांजलि देंगे। बताते चलें कि आजसू पार्टी अप्रैल माह को सामाजिक न्याय महीना के रूप में मना रही है। इस दौरान कई कार्यक्रम भी किए जाने हैं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT