द फॉलोअप डेस्कः
आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर क्षेत्रीय पार्टी भी अपनी-अपनी रणनीति बनाने लग गई है। इसी बीच झारखंड पार्टी ने तीन सीटों से उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है। हजारीबाग से राजकुमार कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं चतरा से दर्शन गंझू को। चाईबासा से चित्रसेन सिंकू को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके साथ ही पार्टी ने यह भी घोषणा की है कि वह 6 सीट पर चुनाव लड़ेगी। इनमें चाईबासा, लोहरदगा, हजारीबाग, चतरा, खूंटी राजमहल सीट शामिल है। इस बात की जानकारी झापा के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक भागत ने दी है। इस दौरान पार्टी के अध्यक्ष एनोस एक्का भी मौजूद रहे। आज प्रेस कॉन्फेंस के दौरान झापा के वरीय नेताओं ने कहा कि झारखंड पार्टी के लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी पूरी हो चुकी है और झारखंड पार्टी पूरे दम खम के साथ लोकसभा चुनाव में अपना प्रदर्शन करेगी। कहा कि झारखंड पार्टी माटी की पार्टी है जल, जंगल, जमीन की पार्टी है। झारखंड के आदिवासियों मूल वासियों की पार्टी है। झारखंड की जनता राष्ट्रीय पार्टियों से ऊब चुकी है और विकल्प के रूप में झारखंड पार्टी को आशा भरी निगाहों से देख रही है। झारखंड में बदलाव की कहानी लिखी जा चुकी है निश्चित तौर पर बदलाव होगा और झारखंड पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ लोकसभा चुनाव जीतने का काम करेगी।