द फॉलोअप डेस्क
झारखंड (Jharkhand) में एक बार फिर लोगों को ठंड सताने लगी है। शनिवार को दिनभर घना कोहरा छाया रहा। इस कारण राजधानी समेत राज्य के कई जिलों में धूप नहीं निकली। आज भी कोहरो का असर रहेगा। मौसम विभाग ने कहा है कि झारखंड समेत 13 राज्यों से जेट स्ट्रीम (Jet Stream) गुजर रहा है। इस कारण ज्यादा ठंड पड़ रही है। कोहरे को लेकर भी येलो अलर्ट (yellow Alert) जारी किया गया है।

झारखंड समेत 13 राज्यों पर जेट स्ट्रीम का असर
कानपुर के चंद्रशेखर आजाद कृषि व प्रौद्योगिक विवि की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है कि 13 राज्यों के ऊपर जेट स्ट्रीम गुजर रहा है,जिस कारण ज्यादा ठंड महसूस हो रही है।बर्फीले पहाड़ों से 6 से 14 किमी ऊपर जेट स्ट्रीम बन गई है। यह बेहद ठंडी हवाओं का तूफान है। पश्चिम से पूर्व की ओर संकरे रास्ते पर जेट स्ट्रीम की वजह से ऐसी सर्दी पड़ रही है। जेट स्ट्रीम 180 किमी प्रति घंटा से चल रही है। इससे बारिश के साथ ही ठिठुरन बढ़ जाती है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद का पूर्वानुमान है कि 10 जनवरी को रांची समेत मध्य भाग में हल्के दर्जे की बारिश हो सकती है। 2 से 3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।

कोहरे के कारण रांची से 4 विमान रद्द, ट्रेनें विलंब से
रांची में शनिवार को पूरे दिन घना कोहरा छाया है। इसका असर विमान परिचालन पर भी पड़ा। कोहरे के कारण चार विमानों को रद्द करना पड़ा। ये विमान रांची नहीं आ सके। दूसरी ओर सुबह में कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने से आधे से दो घंटे तक रांची आने वाले विमानों का परिचालन ठप रहा। लंबी दूरी की कई ट्रेनों का विलंब से आने का सिलसिला जारी है। इस कारण लोग काफी परेशान रहे।