जामताड़ा
जामताड़ा जिला मुख्यालय स्थित प्रखंड कार्यालय परिसर से दिनदहाड़े एक और मोटरसाइकिल की चोरी हुई. जानकारी के अनुसार, भुक्तभोगी जूनियर इंजीनियर शेर मोहम्मद शनिवार को अपने विभागीय कार्य से प्रखंड कार्यालय पहुंचे थे. उन्होंने अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर: JH 09 AX 5890) को हमेशा की तरह कार्यालय परिसर में खड़ा किया और अंदर चले गए. जब वे अपना काम निपटाकर कुछ देर बाद लौटे, तो उनकी बाइक अपनी जगह से गायब थी. पीड़ित इंजीनियर ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और काफी खोजबीन की, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने मामले की लिखित शिकायत स्थानीय थाने में दर्ज कराई.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस टीम ने प्रखंड कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर बाइक बरामद कर ली जाएगी.
इससे पहले भी परिसर हो चिकि है बाइक चोरी
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय निवासियों और सरकारी कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. लोगों का कहना है कि इस परिसर में बाइक चोरी की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी कई वाहन चोरी हो चुके हैं, लेकिन पुलिस अधिकांश मामलों का खुलासा करने में सफल नहीं हो सकी है. इस लापरवाही से आम जनता और कर्मियों में आक्रोश है. लोगों ने जिला प्रशासन से परिसर में सुरक्षा गार्डों की तैनाती, पुलिस गश्ती बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
