गुमला
झारखंड के गुमला जिले के टोकलो थाना अंतर्गत जंगल इलाके में नक्सलियों द्वारा पहले से बिछाए गए IED विस्फोट में आज दो जवान घायल हो गए। यह घटना उस वक्त हुई जब सुरक्षा बल संयुक्त नक्सल विरोधी अभियान के तहत इलाके में तलाशी अभियान चला रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, COBRA 203 बटालियन के हेड कांस्टेबल (RO) फौजुल हसन और झारखंड जगुआर के कॉन्स्टेबल सुनिल धानु विस्फोट की चपेट में आ गए। दोनों जवानों की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
यह संयुक्त ऑपरेशन सुरक्षा बलों की कई बटालियनों—जैसे CRPF की 26, 60, 134, 174, 193 और 197 बटालियन, COBRA, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की टीमें—मिलकर चला रही हैं। अभियान का उद्देश्य नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना और जंगल क्षेत्र में उनकी पकड़ को कमजोर करना है।
घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर के माध्यम से रांची भेजा गया। पुलिस मुख्यालय और सीआरपीएफ सेक्टर हेडक्वार्टर, रांची से मिली जानकारी के अनुसार, इस क्षेत्र में नक्सल रोधी कार्रवाई फिलहाल जारी है। सुरक्षा बलों ने घटनास्थल के आसपास के इलाके को घेर लिया है और संभावित खतरों को निष्क्रिय करने की दिशा में काम कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि नक्सलियों द्वारा बिछाए गए इस विस्फोटक की जांच की जा रही है, और जल्द ही क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। यह घटना एक बार फिर इस बात की तस्दीक करती है कि झारखंड के कई हिस्सों में नक्सलियों की मौजूदगी अब भी एक गंभीर चुनौती बनी हुई है।