द फॉलोअप डेस्क
जमुआ विधायक मंजू देवी ने जमुआ विधानसभा क्षेत्र के चुंगलों इलाके में पुलिस ओपी (आउटपोस्ट) स्थापित करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि चुंगलों तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस सुविधा के अभाव के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति या घटना के समय क्षेत्रवासियों को दूर स्थित थाना क्षेत्र तक जाना पड़ता है, जिससे समय पर पुलिस सहायता नहीं मिल पाती। इसके कारण कई बार छोटी घटनाएं भी बड़ी समस्या का रूप ले लेती हैं। विशेषकर रात के समय लोगों को अधिक कठिनाई होती है और क्षेत्र में असुरक्षा की भावना बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि चुंगलों में पुलिस ओपी स्थापित होने से लोगों को त्वरित पुलिस सहायता मिलेगी, अपराध पर नियंत्रण होगा तथा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। विधायक ने सरकार से जनहित को ध्यान में रखते हुए चुंगलों में शीघ्र पुलिस ओपी की स्थापना करने की मांग की, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो सके।
