जामताड़ा
गिरिडीह के कार्मल स्कूल में आयोजित सीआईएससीई (CISCE) जोनल बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 में जामताड़ा के उभरते हुए खिलाड़ी पीयूष रंजन मुर्मू ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है। पीयूष ने अंडर-17 आयु वर्ग में अपने उत्कृष्ट और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की। वह सेंट जोसेफ स्कूल, श्रीरामपुर (जामताड़ा) के कक्षा दसवीं के छात्र हैं और 'खेलो इंडिया बैडमिंटन सेंटर, जामताड़ा' में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इस स्वर्णिम सफलता से न सिर्फ उनके स्कूल और परिवार में जश्न का माहौल है, बल्कि पूरे जामताड़ा जिले में गौरव की लहर है।

फादर जोसेफ तपन ने पीयूष को बधाई दी
इस शानदार उपलब्धि पर सेंट जोसेफ स्कूल के प्राचार्य फादर जोसेफ तपन ने पीयूष को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पीयूष रंजन ने जोनल स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर पूरे विद्यालय और जिले को गौरवान्वित किया है। प्राचार्य ने बताया कि इस जीत के साथ ही पीयूष का चयन आगामी रीजनल स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हो गया है, जहां वह जमशेदपुर में देवघर जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे।
पीयूष की इस बड़ी कामयाबी के पीछे उनके गुरुओं का कड़ा परिश्रम और मार्गदर्शन रहा है। सेंट जोसेफ स्कूल के शारीरिक शिक्षक दीपक दुबे और खेलो इंडिया बैडमिंटन सेंटर, जामताड़ा के कोच बजरंगी प्रियरंजन ने पीयूष की खेल तकनीक को निखारने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल
इस ऐतिहासिक जीत पर जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार, जिला खेल समन्वयक अमित कुमार साव, सेंट जोसेफ स्कूल के उपप्राचार्य फादर माइकल और फादर बबलू ने पीयूष को बधाई दी। सभी ने उनके उज्ज्वल और स्वर्णिम भविष्य की मंगलकामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह रीजनल स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय पटल पर जामताड़ा का नाम रोशन करेंगे।
