logo

जामताड़ा : थार और ऑटो में भीषण टक्कर, तड़पते घायलों की मदद करने के बजाय वीडियो बनाती रही भीड़

jamtara_image_accident_.jpg

जामताड़ा
जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र स्थित पीपला मोड़ के पास एक थार और मालवाहक ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में ऑटो चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बजाय उनके वीडियो बनाते रहे। बाद में पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में धनबाद रेफर कर दिया गया है।
मिठाई लेकर जा रहा था ऑटो
जानकारी के अनुसार, एक मालवाहक ऑटो मिठाई लेकर मिहिजाम की ओर जा रहा था, जबकि थार गाड़ी जामताड़ा की तरफ से आ रही थी। इसी बीच पीपला मोड़ के पास दोनों वाहनों में सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों की पहचान ऑटो चालक चांद पहाड़िया, निवासी: पारसी गांव (बिंदा पत्थर थाना) और ऑटो मालिक के बेटे नितेश कुमार, निवासी: कृष्ण नगर (मिहिजाम थाना) के रूप में की गई है।भीड़ चुपचाप खड़ी होकर तमाशा देखती रही
जब हादसे के बाद दोनों घायल खून से लथपथ जमीन पर पड़े तड़प रहे थे, तब वहां मौजूद भीड़ उन्हें अस्पताल पहुंचाने के बजाय अपने मोबाइल फोन से तस्वीरें खींचने और वीडियो बनाने में व्यस्त थी। कुछ लोग तो इस तरह से एंगल बदल-बदलकर तस्वीरें ले रहे थे, मानो किसी फिल्म की शूटिंग चल रही हो। डिजिटल युग की यह कैसी सनक है, जहां किसी की जिंदगी से ज्यादा मोबाइल का कैमरा महत्वपूर्ण हो गया है? पुलिस जांच में जुटी, थार चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें धनबाद रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

Tags - Jamtara Mihijam Road Accident Thar Crash Jharkhand News