जामताड़ा
जामताड़ा जिले के करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत थांडारडीह गांव में बीते दिनों हुई घटना को लेकर भाजपा का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को जिलाध्यक्ष सुमित शरण एवं पूर्व मंत्री रणधीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक (SP) शंभू नाथ सिंह से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने एसपी के समक्ष घटना की जानकारी रखते हुए मामले में चल रही कानूनी कार्रवाई में तेजी लाने की मांग की। पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच तेजी से कर सामने लाया जाए। उन्होंने मामले में आवश्यक कानूनी धाराएं जोड़ने तथा दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि किसी भी नागरिक के साथ अन्याय या हिंसा स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि इतनी कम समय में बड़ी संख्या में लोगों का एक स्थान पर जुटना गंभीर विषय है और इसकी भी जांच होनी चाहिए।
.jpeg)
हिंदू देवी-देवता के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल
प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई करे, ताकि पीड़ित परिवार में सुरक्षा और न्याय का विश्वास कायम हो। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की मांग की। मौके पर जिला महामंत्री अभय सिंह, कमलेश मंडल, जिला उपाध्यक्ष मोहन शर्मा और युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे मौजूद थे। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय मिलने तक लोकतांत्रिक एवं कानूनी तरीके से आवाज उठाती रहेगी। गौरतलब है कि कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के कुरुवा में साप्ताहिक हटिया के दौरान एक मौलाना पर आरोप है कि उसके द्वारा हिंदू देवी-देवता के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। उसी वीडियो पर धार्मिक टिप्पणी करने के कारण बीते 22 अगस्त को थांडारडीह गांव निवासी भूदेव यादव के घर में तोड़फोड़, मारपीट और धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाया गया था।
