जामताड़ा
जामताड़ा जिले में सर्पदंश (सांप के काटने) की घटनाएं में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। बीते मंगलवार की रात जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक ही रात में सांप के डसने से चार लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। राहत की बात यह है कि सभी पीड़ितों को समय रहते जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, सर्पदंश का शिकार हुए लोगों में जामताड़ा थाना क्षेत्र के सहाना गांव निवासी कार्तिक पात्र, कटंगी निवासी अनिल टुडू, कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के डुमरिया निवासी धनंजय मंगल इसके साथ ही पड़ोसी जिला देवघर के चित्रा थाना क्षेत्र की रहने वाली केटकी देवी भी सांप के काटने का शिकार हुई हैं।

झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल आने की अपील
वहीं हैरानी की बात यह है कि इन सभी लोगों को एक ही रात में सांप ने अपना शिकार बनाया। स्थानीय लोगों और चिकित्सकों के मुताबिक, बरसात के मौसम में बिलों में पानी भर जाने के कारण जहरीले सांप सुरक्षित स्थानों और घरों की ओर रुख करते हैं। इसी के कारण जामताड़ा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सर्पदंश की घटनाएं अचानक बढ़ गयी हैं। अस्पताल प्रबंधन ने लोगों से सतर्क रहने और सांप काटने पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल आने की अपील की है।
